Skip to main content

शिमला में भी है एक राष्ट्रपति भवन, घूमने के लिए ऐसे कराएं बुकिंग

आमतौर पर राष्ट्रपति भवन का नाम लेने पर लोगों के जेहन में दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन की छवि उभरती है। लेकिन दिल्ली की तरह ही हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी एक राष्ट्रपति भवन है। यह राष्ट्रपति निवास मशोबरा के नाम से मशहूर है। देश के प्रमुख हिल स्टेशनों में से एक शिमला के मशोबरा में स्थित यह राष्ट्रपति निवास बहुत ही खूबसूरत है।


शिमला से करीब 10 किमी दूर मशोबरा की पहाड़ी की चोटी पर स्थित इस ऐतिहासिक इमारत का निर्माण 1850 में किया गया। राष्ट्रपति निवास की 174 साल पुरानी इस हेरिटेज बिल्डिंग की वास्तुकला देखते ही बनती है। इस इमारत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे पूरी तरह से लकड़ी से बनाया गया है। अगर आप देश की गौरवशाली विरासत और इतिहास को करीब से जानना चाहते हैं तो यहां जरूर विजिट करें।


मनोरम बर्फीली वादियों के बीच स्थित इस राष्ट्रपति निवास में आकर आपको असीम शांति की अनुभूति होगी। यहां की सुंदरता शिमला आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। करीब 10,628 स्क्वायर फुट में बने इस राष्ट्रपति निवास में मुख्य भवन, लॉन, बगीचे और नेचर ट्रेल्स शामिल हैं।

देश के राष्ट्रपति जी यहां आमतौर पर गर्मी के मौसम में आते हैं। एक तरह से यह उनके लिए गर्मी का निवास स्थल है। इस राष्ट्रपति निवास को पहली बार पिछले साल 2023 में आम लोगों के लिए खोला गया। अब आप शिमला को देखने के साथ यहां भी यहां घूमने जा सकते हैं। इस मौसम में यहां से शिमला की खूबसूरती देखते ही बनती है।

तो अब आप जब भी शिमला जाने का प्रोग्राम बनाएं, उसमें राष्ट्रपति निवास मशोबरा को जरूर शामिल करें। वैसे तो यहां घूमने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से स्लॉट बुक करा सकते हैं, लेकिन विजिट करने से पहले ही अगर आप ऑनलाइन बुकिंग करा लेंगे तो आसानी होगी। क्योंकि वहां जाकर स्लॉट फुल होने की स्थिति में घूमने की अनुमति ना मिलने पर निराशा होगी।


आप यहां 10 बजे, 11 बजे, 12 बजे, 1 बजे, 2 बजे और 3 बजे के स्लॉट में अपना बुकिंग करा सकते हैं। वैसे तो राष्ट्रपति निवास आम लोगों के लिए 10 बजे से 5 बजे तक खुला रहता है लेकिन आपको तीन बजे के बाद एंट्री नहीं मिलेगी। 8 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फ्री एंट्री है। 8 साल से ऊपर के लोगों के लिए एंट्री फी 50 रुपये हैं। विदेशी नागरिकों के लिए एंट्री फी 250 रुपये हैं।

अगर आप स्लॉट बुक कराना चाहते हैं तो https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/plan-visit/rashtrapati-niwas-mashobra-shimla/vm/oj पर जाकर तारीख और टाइम सेलेक्ट कीजिए। इसके बाद एक नया विंडो खुलेगा वहां आपको अपना मोबाइल नंबर देना होगा। फिर आगे पेमेंट करके अपना टाइम स्लॉट बुक करा सकते हैं।

कब पहुंचे-
एक बात ध्यान रखिएगा कि राष्ट्रपति निवास मशोबरा हर सोमवार और सरकारी छु्ट्टी के दिन बंद रहता है। इस महीने फरवरी 2024 में भी आप सोमवार और सरकारी छुट्टी को छोड़ और दिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक घूम सकते हैं। अधिक जानकारी आपको राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर मिल जाएगी।

अगर आप अपनी गाड़ी से यहां पहुंचते हैं तो राष्ट्रपति निवास मशोबरा में आपको पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यहां व्हीलचेयर, पेयजल, कैफेटेरिया, फर्स्ट एड मेडिकल केयर, क्लॉक रूम और रेस्ट रूम (टॉयलेट) की भी सुविधा मिलेगी। यहां आने वाले लोग एक नंबर गेट के बाहर अपनी गाड़ी खड़ी कर भीतर जा सकते हैं।


कैसे पहुंचे

राष्ट्रपति निवास मशोबरा आप रेल, बस या फ्लाइट किसी भी साधन से आसानी से पहुंच सकते हैं। ट्रेन से आने पर शिमला रेलवे स्टेशन से मशोबरा करीब 13 किलोमीटर की दूरी पर है। आप यहां से बस या ऑटो-टैक्सी लेकर पहुंच सकते हैं। सड़क मार्ग से आने पर यह शिमला से 12 किलोमीटर और कुफ्री से 5 किलोमीटर दूर है। शिमला-कुफ्री बस से भी यहां पहुंच पहुंत सकते हैं। फ्लाइट से आने पर शिमला एयरपोर्ट करीब 32 किलोमीटर दूर है। वहां से आपको बस या ऑटो-टैक्सी लेकर आना होगा।

तो अब जब भी शिमला घूमने जाएं, राष्ट्रपति निवास मशोबरा देखने जरूर जाएं। हैप्पी जर्नी... 🙏🙏 

ब्लॉग पर आने और इस पोस्ट को पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद। अगर आप इस पोस्ट पर अपना विचार, सुझाव या Comment शेयर करेंगे तो हमें अच्छा लगेगा। 

 -हितेन्द्र गुप्ता

Comments

Popular posts from this blog

उत्तर प्रदेश के वे टॉप 10 पर्यटन स्थल, जहां गए बिना आपकी यात्रा नहीं होगी पूरी

उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य है जहां सालों भर पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। उत्तर प्रदेश काफी खूबसूरत राज्य है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर लेती है। भगवान राम की नगरी अयोध्या, भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन से लेकर भगवान बुद्ध से संबंधित सारनाथ और कुशीनगर जैसे धार्मिक स्थलों पर हर दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। महादेव की नगरी काशी, कुंभनगरी प्रयागराज से लेकर प्रेम प्रतीक की नगरी आगरा जैसे पर्यटक स्थल घुमक्कड़ों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बने हुए हैं। नजाकत, नफासत और तहजीब के शहर लखनऊ गए बिना तो जैसे आपकी यात्रा पूरी ही नहीं होगी। सभी फोटो- यूपी टूरिज्म नए साल में लोग फिर से घर से बाहर निकला शुरू कर दिए हैं। वे नई-नई जगहों पर जा रहे हैं तो ऐसे में आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश के उन टॉप 10 पर्यटन स्थलों के बारे में जहां आप देश के किसी भी कोने से आसानी से पहुंच सकते हैं। 1. वाराणसी बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी को बनारस या काशी के नाम से भी जानते हैं। काशी दुनिया की सबसे प्राचीन जीवंत नगरी के रूप में विख्यात है। पवित्र गंगा नदी के किनारे बसे का...

Rajnagar, Madhubani: खंडहर में तब्दील होता राजनगर का राज कैंपस

राजनगर का ऐतिहासिक राज कैंपस खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। बिहार के मधुबनी जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह राज कैंपस राज्य सरकार की अनदेखी के कारण उपेक्षित पड़ा हुआ है। यह कैंपस इंक्रीडेबल इंडिया का एक बेहतरीन उदाहरण है। यहां के महल और मंदिर स्थापत्य कला के अद्भूत मिसाल पेश करते हैं। दीवारों पर की गई नक्काशी, कलाकारी और कलाकृति देखकर आप दंग रह जाएंगे।

अहिल्या स्थान: जहां प्रभु राम के किया था देवी अहिल्या का उद्धार

मिथिला में एक प्रमुख तीर्थ स्थल है अहिल्या स्थान। हालांकि सरकारी उदासीनता के कारण यह वर्षों से उपेक्षित रहा है। यहां देवी अहिल्या को समर्पित एक मंदिर है। रामायण में गौतम ऋषि की पत्नी देवी अहिल्या का जिक्र है। देवी अहिल्या गौतम ऋषि के श्राप से पत्थर बन गई थीं। जिनका भगवान राम ने उद्धार किया था। देश में शायद यह एकमात्र मंदिर है जहां महिला पुजारी पूजा-अर्चना कराती हैं।