दुनिया को लोकतंत्र के साथ बौद्ध, जैन धर्म और खालसा पंथ देने वाले बिहार में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहाँ आकर आप देश-विदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों को भूल जाएंगे। यहाँ ऐतिहासिक भव्य भवनों के साथ विशाल किले हैं, दिव्य मंदिर, गुरुद्वारे और स्तूप हैं, इठलाती कलकल बहती नदियाँ हैं, झरने और जलप्रपात हैं, तो विश्व को शांति का संदेश देते विहार भी हैं। लेकिन आज हम आपको बिहार के सिर्फ उस छोटे से हिस्से में लेकर जा रहे हैं जिसे देखकर आप देहरादून-मसूरी की पहाड़ियों और कैम्प्टी फॉल के जलप्रपात को भूल जाएंगे।
बिहार में एक बेहद खूबसूरत पर्यटक स्थल है कैमूर हिल्स। कैमूर हिल्स करीब पांच सौ किलोमीटर लंबी विंध्य पहाड़ियों का एक हिस्सा है। बिहार के रोहतास और कैमूर जिले के आसपास फैले इस कैमूर हिल्स में बहने वाली नदियां यहां की पहाड़ियों से बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं। यहाँ के अनोखे जलप्रपातों की अलौकिक खूबसूरती और दुर्गम घाटियों के विहंगम दृश्य आपको सुकून के साथ रोमांच से भर देते हैं। बाहर से आने वाले कई पर्यटक कैमूर हिल्स को सिर्फ कैमूर जिले से जोड़ कर देखते हैं लेकिन यह खूबसूरत हिल्स कैमूर के साथ रोहतास जिले में भी पड़ता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहाँ की जैव विविधता, पंछी और जंगली जानवर, मंदिर, किले और प्राकृतिक जलप्रपात आपके सफर को जीवन भर यादगार रखने वाला बना देता है। कैमूर हिल्स की पहाड़ों और खूबसूरत जंगलों के बीच स्थित तेल्हर कुंड वाटरफॉल, तुतला भवानी झरना, कशिश जल प्रपात, मांझर कुंड, और करकटगढ़ जल प्रपात देखकर आप कैम्प्टी फॉल या देहरादून- मसूरी की खूबसूरती को भूल जाएंगे।
आइए एक नजर डालते हैं कैमूर हिल्स पर स्थित उन आकर्षक 5 जलप्रपातों पर जो आपके सफर को रोमांच से भर देंगे और देश-दुनिया के अन्य वाटरफॉल्स को भूल जाएंगे।
1. तुतला भवानी झरना (रोहतास)
डेहरी ऑन सोन से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर हरियाली से भरे कैमूर हिल्स पर स्थित तुतला भवानी झरना मनोरम प्राकृतिक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। यह स्थल माँ तुतला भवानी मंदिर के लिए भी मशहूर है। तुतला भवानी के आसपास का इलाका अनायास ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेता है। झरने के पास के अद्भुत प्राकृतिक दृश्य को देखकर आप दंग रह जाएंगे और मन ही मन सोचेंगे कि इससे पहले यहाँ क्यों नहीं आया। बजट में होने के कारण आप यहाँ बार-बार आना चाहेंगे।
2. कशिश जल प्रपात, कछुआर (रोहतास)
कशिश जल प्रपात की प्राकृतिक खूबसूरती अद्वितीय है। यहाँ की हरियाली, पेड़-पौधे, पक्षियों की चहचहाहट, जल प्रपात के पानी की ध्वनि आपको मंत्र मुग्ध कर देंगे। 800 फीट की ऊँचाई से गिरते दूध से सफेद पानी की धाराओं को देखकर आप खुद को एक अलग ही दुनिया में महसूस करेंगे। यहाँ की अद्भुत खूबसूरती को देखकर कई बार आप फिल्मों में दिखने वाली खूबसूरत जगहों को भूल जाएंगे।
3. मांझर कुंड या धुआं कुंड (रोहतास)
यह जगह रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर है। कैमूर हिल्स स्थित मांझर कुंड झरना बिहार के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। आसपास के पर्यटक यहाँ प्राकृतिक दृश्यों के बीच पिकनिक मनाने आते है। यहाँ के दिलचस्प नजारों को देखकर मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। यहाँ के प्राकृतिक दृश्य आपको दिल को एक अलग ही सुकून प्रदान करेंगे।
4. तेल्हर कुंड (कैमूर जिला)
तेल्हर कुंड या तेल्हर जलप्रपात कैमूर जिले में कैमूर हिल्स पर दुर्गावती नदी के पास रोहतास पठार में स्थित है। दुर्गम पहाड़ियों के बीच हरियाली से घिरा यह स्थल काफी खूबसूरत है। इस जलप्रपात का पानी हमेशा ठंडा रहता है। 80 मीटर की ऊंचाई से गिरते हुए इस झरने की खूबसूरती पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। पर्यटक ऊपर से गिरते पानी और उसके फुहारों को देख रोमांचित हो उठते है।
5.करकटगढ़ जलप्रपात (कैमूर जिला)
कैमूर हिल्स पर स्थित यह जलप्रपात बेहद खूबसूरत है। यह अपने आप में गजब की छटा बिखेरती है। करकटगढ़ जलप्रपात पहाड़ों के बीच से निकला काफी खूबसूरत स्थल है, जो पर्यटकों के लिए एक आकर्षण का केंद्र है। यहाँ आकर आप असीम शांति का अनुभव करेंगे और अपनी सारी थकान भूल जाएंगे। यहाँ की हरियाली के बीच बहती मंद-मंद हवा आपके मन को मोह लेगी।
![]() |
बिहार सरकार की ओर से अभी तक इन पर्यटक स्थलों के बारे में सही से प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण ज्यादातर लोगों को इसके बारे में पता नहीं है। राज्य के बाहर के पर्यटकों की तो बात छोड़िए राज्य के हीं ज्यादातर लोगों को इन खूबसूरत जगहों के बारे में पता नहीं हैं। बिहार के लोग बाहर घूमने चले जाते हैं लेकिन जानकारी के अभाव में यहाँ नहीं आ पाते हैं। उम्मीद है अब जब उनकों इन खूबसूरत पर्यटक स्थलों के बारे में पता चलेगा तो यहाँ जरूर आएंगे और देहरादून-मसूरी और कैम्प्टी फॉल को भूल जाएंगे।
ब्लॉग पर आने और इस पोस्ट को पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद। अगर आप इस पोस्ट पर अपना विचार, सुझाव या Comment शेयर करेंगे तो हमें अच्छा लगेगा।
-हितेन्द्र गुप्ता










These waterfalls are stunning. Wah!
ReplyDelete